Varanasi Weather : वाराणसी में ठंड और गलन ने किया बेहाल, कोहरा का प्रकोप, जानिये आगे के मौसम का हाल 

vns
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के चलते गलन और ठंड का प्रकोप जारी है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बावजूद लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। सोमवार की शाम से ही पछुआ हवा ने गलन बढ़ा दी। मौसम विशेषज्ञों की माने तो अगले तीन दिनों तक ठंड और कोहरा का हाल ऐसा ही रहेगा। 

रविवार को सुबह 11 बजे के बाद मौसम थोड़ा साफ हुआ और हल्की धूप खिली। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 17.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री बढ़कर 11.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 

vns

पश्चिमी विक्षोभ के चलते बदला मौसम 
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है और ठंड में तेजी से इजाफा हुआ है। पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा मैदानी इलाकों में भी सर्दी बढ़ा रही है। वाराणसी में भी इसका व्यापक असर दिख रहा है। 

vns

तीन दिन ठंड और गलन से राहत के आसार नहीं 
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि अगले तीन दिनों तक ठंड और गलन से राहत के आसार नहीं हैं। बर्फीली हवा के चलते कड़ाके की ठंड और गलन का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कोहरा का प्रकोप भी दिखेगा। शाम से ही कोहरा शुरू हो जाएगा, जो सुबह तक जारी रहेगा। 

बरतें सावधानी, वरना पड़ेंगे बीमार 
चिकित्सकों ने कड़ाके की ठंड के दौरान लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। ठंड से बचाव के लिए इंतजाम करें। बहुत जरूरी होने पर घर से बाहर जाना पड़े तो गर्म कपड़े पहनें। ठंडी तासीर वाली चीजों से परहेज करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।

Share this story