Varanasi Weather: आसमान में छाए बादल, पारा 21 डिग्री पर पहुंचा, जानिये आगे के मौसम का हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मौसम विभाग की ओर से बारिश का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं होने के बावजूद सोमवार को वाराणसी में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। रविवार शाम और रात में हुई बूंदाबांदी के बाद सोमवार को भी बारिश के आसार बने रहे। बादलों की सक्रियता के चलते मौसम सुहाना रहा और लोगों को सितंबर के आखिरी दिनों में भी अपेक्षाकृत ठंडक का एहसास हुआ।

123

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। इस सप्ताह वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियों में कमी आने के साथ इसकी वापसी के संकेत मिल सकते हैं। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादलों की सक्रियता के कारण कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

रविवार को शाम होते-होते मौसम ने करवट ली। कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। रात में भी रुक-रुककर हल्की बारिश का असर देखने को मिला। इसके बाद सोमवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। ठंडी हवाओं के साथ मौसम खुशनुमा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से हुई बारिश और बादलों की सक्रियता का असर तापमान पर भी पड़ा है। वाराणसी में न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर के दौरान पिछले करीब दो दशक में इस तरह न्यूनतम तापमान में गिरावट का असर विशेष रूप से महसूस किया जा रहा है।

Share this story