Varanasi Weather: वाराणसी में आसमान में छाए बादल, मौसम सुहाना, तेज हवा के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
वाराणसी। मानसून की सक्रियता के बाद वाराणसी में मौसम सुहाना हो गया है। आसमान में बादल छाए हैं। वहीं रविवार को बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग ने सोमवार को तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद तापमान में और कमी आ सकती है।

रविवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। दिन और रात के तापमान में केवल 1.1 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून अब पूर्वांचल में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने के बावजूद मानसूनी प्रभाव मजबूत बना हुआ है। इसी कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि 22 जुलाई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। परिस्थितियों को देखते हुए आगे भी मौसम संबंधी चेतावनी जारी की जा सकती है।

