Varanasi Weather: सुबह तेज धूप, दोपहर में बरसे मेघ, चार दिन बारिश का यलो अलर्ट
वाराणसी। वाराणसी में शुक्रवार को सुबह तेज धूप खिलने के बाद दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली और शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार जिले में 1.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने चार दिनों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 27 जुलाई से मानसून एक्टिव हो सकता है।

शुक्रवार को हुई बारिश के बाद मौसम में नमी बढ़ गई और लोगों को उमस से आंशिक राहत मिली। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम होकर 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार भी अन्य दिनों की तुलना में धीमी रही और लगभग सात से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वाराणसी में अगले चार दिनों तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए वर्षा का अलर्ट जारी किया है। बताया कि 26 जुलाई के बाद मानसूनी गतिविधियां और तेज होने के संकेत हैं। मानसून ट्रफ के फिर से उत्तर की ओर खिसकने की संभावना है, जिसके चलते 27 जुलाई से जिले में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और एक बार फिर सामान्य वर्षा होने के आसार हैं।

