Varanasi Weather: धूप के बाद 30 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा, सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। काशी में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। दिन में धूप के कारण गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा।

मौसम के आंकड़ों के अनुसार, सुबह पांच बजे तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद धूप निकलने के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई और सुबह आठ बजे तक पारा 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। इस दौरान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने से मौसम में हल्की ठंडक बनी रही।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। ऐसे में दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंडक का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम साफ होने से आने वाले दिनों कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

