Varanasi Weather: होली के बाद अब चढ़ेगा पारा, 35 डिग्री के पार पहुंच सकता है पारा
वाराणसी। होली के बाद अब मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। वाराणसी में गर्मी ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ेगा।
बुधवार को दिनभर तेज धूप ने लोगों को तपिश का एहसास कराया। रूखी पछुआ हवाओं ने गर्मी को और बढ़ा दिया। मौसम विभाग के मुताबिक इन हवाओं की रफ्तार 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई, जिससे वातावरण में शुष्कता बनी रही। दिन चढ़ने के साथ धूप तीखी होती गई।

मंगलवार से ही तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। वाराणसी में पारा 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पछुआ हवाओं की रफ्तार में धीरे-धीरे कमी आएगी। अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है।

