Varanasi Weather: वाराणसी में 60 मिलीमीटर बारिश, उमस भरी गर्मी से मिली राहत, अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मानसून ने आखिरकार काशी में जोरदार दस्तक दे दी। मानसून के 17वें दिन शुक्रवार को इस सीजन की सबसे अच्छी बारिश दर्ज की गई। करीब 10 से 15 मिनट में 60 मिलीमीटर बारिश से शहर की कई सड़कों और निचले इलाकों को जलमग्न कर दिया। तेज बारिश के चलते लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई स्थानों पर जलभराव से यातायात भी प्रभावित हुआ। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के चलते आने वाले कुछ दिनों तक वाराणसी और आसपास के इलाकों में बारिश के आसार हैं। 

123

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर में 54 से 60 मिलीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण साकेत नगर कॉलोनी, अस्सी, सुंदरपुर और कैंट सहित कई क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सावधानी के साथ गुजरना पड़ा, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

बारिश के कारण शहर के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। इस दौरान हवा की रफ्तार लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

123

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से पूर्वांचल में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। अच्छी वर्षा से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं शहर में जलनिकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। कई इलाकों में कुछ ही मिनटों की बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन जाने से नगर निगम की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share this story