Varanasi Weather: वाराणसी में 45 डिग्री तापमान, देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हुई काशी, पारा व लू और बढ़ने के आसार
वाराणसी। काशी इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.4 डिग्री अधिक रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। सुबह से ही सड़कों और घाटों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के साथ ही गर्म हवा के थपेड़े झुलसाएंगे।

काशी में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। इससे देश के 10 सबसे गर्म शहरों में भी शामिल हो गई। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले चार से पांच दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गर्मी के चलते जनजीवन बेहाल हो गया है। सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर भीड़ कम हो जा रही है। वहीं दोपहर में घाटों पर सन्नाटा पसर जा रहा है।


मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले चार-पांच दिनों तक वाराणसी में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप रहेगा। मौसम विभाग की ओर से भीषण लू चलने को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।

