Varanasi Weather: वाराणसी में 44 डिग्री तापमान, 5 दिन चलेगी लू, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
वाराणसी। जिले में भीषण गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिनों से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग बेहाल हैं, वहीं रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने पांच दिन लू का अलर्ट जारी किया है।

दिन में लू चलने के साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से अधिक है। अधिकतम तापमान भी औसत से करीब 4.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा पहुंच गया है।

गर्मी के चलते शहर के प्रमुख चौराहों, घाटों और रेलवे स्टेशनों पर लोग छांव और पानी की तलाश में नजर आ रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर गर्मी का असर अधिक देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अप्रैल तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है और फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं।
मंडलीय अस्पताल में बना विशेष कोल्ड रूम
लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। मंडलीय अस्पताल में लू से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष “कोल्ड रूम” की व्यवस्था की गई है। इस कमरे को कम तापमान में रखने के लिए विशेष एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे मरीजों को तत्काल राहत मिल सके।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कोल्ड रूम में मॉनिटरिंग की विशेष व्यवस्था की गई है, जहां मरीजों के ब्लड प्रेशर, तापमान और ऑक्सीजन स्तर पर नजर रखी जाएगी। साथ ही बर्फ के पैक, ओआरएस और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी में घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव के उपाय अपनाएं।

