Varanasi Weather: वाराणसी में तेज आंधी के साथ 4 मिलीमीटर बारिश, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ध्वस्त, अब लू चलने के आसार
वाराणसी। शहर में बुधवार की शाम तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। 4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। आंधी के चलते कई जगह तार-पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं कई स्थानों पर दीवार गिरने के साथ ही टीन शेड उड़ गए। पेड़ों की डालियां टूट गईं। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग चोटिल हो गए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में लू चलने के आसार हैं।
आंधी के चलते कैंट क्षेत्र में सड़क पर सूचना बोर्ड गिर गया, जबकि अर्दली बाजार स्थित चुनार रोड पर पेड़ गिरने से बिजली का खंभा और तार टूट गए। इसके चलते कई मोहल्लों की बिजली करीब तीन घंटे तक बाधित रही। रामनगर, रवींद्रपुरी, लहुराबीर, स्टेशन रोड और कैंट क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना मिली। विद्युत विभाग की टीमों ने देर रात तक मरम्मत कार्य कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया।

तेज आंधी के कारण शहर में कई हादसे भी हुए। भेलूपुर थाना क्षेत्र के भीमनगर कॉलोनी में एक मकान का छज्जा गिरने से घर में मौजूद दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, एक अन्य मकान का छज्जा और दीवार गिरने से भी नुकसान हुआ। कई इलाकों में घरों की टीनशेड और होर्डिंग्स उड़ गए।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को वाराणसी में लगभग 4.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आंधी और बारिश के चलते अधिकतम तापमान में करीब 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस से घटकर 26.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

