Varanasi Weather : वाराणसी में रेडिएटिव हीटिंग, तापमान 37 के पार, मार्च में हीट वेव चलने के आसार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मार्च के पहले पखवारे में ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को तीखी धूप और गर्म हवाओं के चलते तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। झांसी (39.3 डिग्री) के बाद बनारस प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो रेडिएटिव हीटिंग के चलते गर्मी बढ़ रही है। वहीं मार्च के अंत तक हीट वेव शुरू हो सकती है। 

तापमान में दिनोंदिन इजाफा हो रहा है। बुधवार को शहर का तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक रहा, जिससे संकेत मिल रहा है कि जल्द ही शहर में हीट वेव चल सकती है। दोपहर में गर्मी इतनी तेज रही कि धूप में खड़े रहना लोगों के लिए मुश्किल हो गया। हवा 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि नमी का स्तर 32 से 78 फीसदी तक रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बनारस में रेडिएटिव हीटिंग हो रही है। इससे तेजी से गर्मी बढ़ रही है। तापमान जल्द ही 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। आने वाले दिनों में गर्म हवाएं हीट वेव में बदल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

Share this story