वाराणसी : नारायणी विहार में जलभराव से बढ़ी दुश्वारी, घरों में घुसा पानी, लोगों का आरोप- शिकायत के बाद भी नगर निगम ने नहीं उठाया प्रभावी कदम  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र की नारायणी विहार कॉलोनी में बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के बाद कॉलोनी में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। सड़कें जलमग्न हैं और बारिश का पानी कई घरों में घुस गया है। जलभराव से परेशान लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद न तो नगर निगम की ओर से प्रभावी कदम उठाया गया और न ही क्षेत्रीय पार्षद ने समस्या के समाधान को लेकर गंभीरता दिखाई।

कॉलोनी में जगह-जगह पानी जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित है। कई परिवारों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। लंबे समय से जमा पानी में दुर्गंध फैलने लगी है, वहीं मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि जल्द जलनिकासी नहीं हुई तो डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

123

स्थानीय निवासी प्रभादेवी ने बताया कि कॉलोनीवासियों की स्थिति बेहद खराब है। चारों तरफ पानी जमा होने के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। उनका आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन नगर निगम और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

कॉलोनीवासियों के मुताबिक, उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद श्याम भूषण शर्मा से भी कई बार जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की। आरोप है कि शिकायत पर पार्षद की ओर से ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि जब चुना हुआ जनप्रतिनिधि ही जलभराव जैसी बुनियादी समस्या से किनारा करेगा तो जनता अपनी समस्या लेकर आखिर कहां जाए।

बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या ने नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान के बजाय समस्या बढ़ने का इंतजार किया जाता है। कॉलोनीवासियों ने नगर निगम अधिकारियों से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने, जमा पानी की निकासी और मच्छरों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवाज उठाएंगे। साथ ही आंदोलन का रास्ता भी चुनेंगे।

Share this story