वाराणसी : गंगा के जलस्तर में वृद्धि जारी, घरों में घुसने लगा बाढ़ का पानी, पलायन को मजबूर तटवर्ती इलाके के लोग 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा के जलस्तर में वृद्धि का क्रम जारी है। शनिवार की सुबह आठ बजे एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा था। वहीं जलस्तर 69.92 मीटर रिकार्ड किया गया। गंगा चेतावनी बिंदु के बिल्कुल करीब पहुंच गई हैं। वाराणसी में गंगा का चेतावनी 70.262 मीटर और खतरे का बिंदु 71.262 मीटर है। 

Ganga

गुरुवार को गंगा के जलस्तर में वृद्धि थम गई थी। हालांकि शुक्रवार से जलस्तर में दोबारा वृद्धि शुरू हो गई। गंगा के जलस्तर में वृद्धि की वजह से वाराणसी के नमो घाट से लेकर रविदास घाट तक जलमग्न हो चुके हैं। घाटों की सीढ़ियां डूब चुकी हैं। वहीं गलियों और आसपास के इलाकों की ओर पानी बढ़ने लगा है। इससे आसपास रहने वालों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं नाविकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। 

गंगा के जलस्तर में वृद्धि का असर वरूणा पर भी दिख रहा है। वरूणा भी इस समय उफान पर है। नदी का पानी आसपास के इलाकों में लोगों के घरों में घुस गया है। ऐसे में लोग बाढ़ राहत शिविरों, सड़कों किनारे और ऊंचाई वाले स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं। 

जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ से निबटने के लिए इंतजाम किए गए हैं। निगरानी के लिए बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। वहीं बाढ़ राहत शिविर भी बनाए गए हैं, जहां बाढ़ प्रभावितों को रखा जा रहा है। अधिकारियों की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। केंद्रीय जल आयोग, एनडीआरएफ, जल पुलिस की टीम भी लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Share this story