वाराणसी : सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, शव सड़क पर रखकर किया चक्का जाम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को मृतक का शव मतलदेई चौराहे पर रखकर लोगों ने चक्का जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजातालाब थाना क्षेत्र के पयागपुर गांव के सामने पंचकोशी रोड पर एक मैजिक वाहन की टक्कर से बाइक सवार बनारसी विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मृतक का शव मतलदेई चौराहे पर रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी वाहन चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता तथा सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की।

चक्का जाम की सूचना मिलते ही राजातालाब थाने की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के दौरान अधिकारियों ने नियमानुसार हरसंभव सहायता और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान मातलदेई चौराहे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित कराने का प्रयास किया।

Share this story