वाराणसी : मेम्बरशिप के नाम पर 4.27 लाख की ठगी, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। निवेश और मेम्बरशिप के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मड़ुवाडीह थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने साइबर जालसाजों के खिलाफ 4.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मड़ुवाडीह थाना क्षेत्र के तारकेश्वर नगर कॉलोनी निवासी संतोष कुमार गुप्ता के मोबाइल फोन पर बीते दिसंबर माह में एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए निवेश और मेम्बरशिप योजना के बारे में जानकारी दी। उसने दावा किया कि तीन लाख रुपये निवेश करने पर बड़ा लाभ देने का झांसा दिया। 

झांसे में आए संतोष कुमार गुप्ता ने कथित कंपनी की योजना पर भरोसा कर अलग-अलग चरणों में कुल 4 लाख 27 हजार रुपये संबंधित खातों में जमा कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्हें किसी प्रकार का लाभ नहीं मिला तो उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों से संपर्क किया। इस दौरान फोन करने वाले व्यक्ति ने एक लाख रुपये और जमा कराए। वहीं 16500 रुपये पहले भी जमा कराए थे। इस पर पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे।

आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपितों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में संपर्क करना भी बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। उन्होंने मामले की शिकायत मड़ुवाडीह थाने में दर्ज कराई। मड़ुवाडीह थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Share this story