वाराणसी : शातिर लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे, मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से लूटी थी चेन, सीसीटीवी से हुई पहचान
16.5 ग्राम की पीली धातु की चेन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बरामद, घटना के अगले दिन पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में महिला को धक्का देकर गले से चेन छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब 16.5 ग्राम वजन की पीली धातु की चेन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार घटना के अगले ही दिन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, दो अक्टूबर की सुबह जयन्ती देवी अपने पति डॉ. सुधीर राम पटेल के साथ चितईपुर थाना क्षेत्र की राजेंद्र विहार कॉलोनी से गुजर रही थीं। इसी दौरान पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो युवक पहुंचे। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार युवकों ने जयन्ती देवी को धक्का देकर गिरा दिया और उनके गले से पीली धातु की चेन छीन ली। घटना के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की तहरीर पर चितईपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 241/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2), 3(5) और 317(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास के मार्गों और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध मोटरसाइकिल और आरोपियों की गतिविधियों के आधार पर उनकी पहचान का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस ने संभावित स्थानों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, तीन अक्टूबर को सुन्दरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आदित्य कुमार मिश्रा पुलिस टीम और अपराध शाखा के साथ भिखारीपुर चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को तीन अक्टूबर की शाम करीब 7:40 बजे डीएलडब्ल्यू की ओर जाने वाली रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया गया।
चारों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिन्स राजभर (19) निवासी ककरमत्ता न्यू कॉलोनी, थाना मंडुआडीह, किशन लाल गुप्ता (20) निवासी ककरमत्ता न्यू कॉलोनी, थाना मंडुआडीह, कृष्णा (22) निवासी ककरमत्ता न्यू कॉलोनी, थाना मंडुआडीह और चन्दन (26) निवासी बिलारीडीह महेवा, थाना अलीनगर, चंदौली, हाल पता राजेंद्र विहार कॉलोनी, थाना चितईपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 16.5 ग्राम वजन की पीली धातु की चेन बरामद की। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई नीले-काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल यूपी 65 बीडब्ल्यू 2585 भी बरामद हुई है।
पुलिस टीम
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, सुन्दरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आदित्य कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अवनीश कुमार, रवि चौहान, जितेन्द्र कुमार और विवेक सिंह के अलावा हेड कांस्टेबल चन्द्रपाल, आरक्षी सौरभ शुक्ला, सूरज मिश्रा और कांस्टेबल बृजेश राय शामिल रहे।

