वाराणसी : सब्जी विक्रेताओं पर लोहे की रॉड से हमला, महिला की हालत गंभीर, दोनों आरोपी गिरफ्तार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना के भुल्लनपुर इलाके के बुद्धनगर कॉलोनी में दो युवकों ने सब्जी बेच रहे एक दंपती और अन्य दुकानदारों पर अचानक लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पति को भी चोटें आई हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। 

कच्छवां के रहने वाले पति-पत्नी बुद्धनगर कॉलोनी में रोजाना सब्जी बेचने आते थे। घटना के समय पत्नी जमीन पर बैठकर सब्जी बेच रही थी, जबकि पति पास ही ठेले पर मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान दो युवक पैदल वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत या विवाद के अचानक हमला शुरू कर दिया।

123

हमलावरों ने पहले पति को निशाना बनाते हुए लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ प्रहार किया। जब पत्नी बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो आरोपियों ने उसके सिर पर भी जोरदार वार किया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों पति-पत्नी लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद हमलावर आगे बढ़े और पास में चप्पल बेच रहे एक अन्य दुकानदार को भी मारपीट कर घायल कर दिया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और भाग रहे आरोपियों का पीछा करते हुए पीएसी परिसर के पास से दोनों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। कुछ लोगों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को ‘विक्षिप्त’ बताकर घटना को हल्का करने की कोशिश कर रही है, जबकि चश्मदीदों का कहना है कि हमला पूरी तरह सुनियोजित था और आरोपी पूरी तरह होश में थे।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जबकि पुरुष के हाथ, पैर और चेहरे पर गहरी चोटें लगी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Share this story