वाराणसी : होटल निर्माण पर कार्रवाई करने पहुंची वीडीए टीम का विरोध, हाईकोर्ट का स्टे दिखाने पर लौटी
सचिव के नेतृत्व में पहुंची टीम का विरोध, मौके पर हंगामे और तनाव की स्थिति
जमीन के स्वामित्व और लीज को लेकर विवाद
वाराणसी। रथयात्रा से गुरुबाग जाने वाले मार्ग पर स्थित थिओसोफिकल सोसाइटी परिसर में दयाल ग्रुप के होटल निर्माण को लेकर शुक्रवार को विवाद गहरा गया। होटल के निर्माण को ध्वस्त कराने पहुंची वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की टीम को मौके पर विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान नोकझोंक और हंगामे जैसी स्थिति बन गई। होटल पक्ष के विधिक सलाहकारों ने हाईकोर्ट का स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) दिखाया, जिसके बाद वीडीए की टीम कार्रवाई रोककर लौट गई।
वीडीए सचिव वेद प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में टीम पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही होटल निर्माण से जुड़े लोगों की ओर से विरोध शुरू हो गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी रही। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद हाईकोर्ट का आदेश दिखाए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई गई।
नक्शा निरस्त होने के बाद जारी हुआ था ध्वस्तीकरण आदेश
वीडीए सचिव वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि थिओसोफिकल सोसाइटी परिसर में बन रहे होटल का नक्शा निरस्त किए जाने के बाद ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया था। इसी आदेश का अनुपालन कराने के लिए प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची थी। होटल के विधिक सलाहकारों ने हाईकोर्ट का स्थगन आदेश प्रस्तुत किया, जिसके बाद कार्रवाई रोक दी गई। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

