वाराणसी : सुबह-सुबह सड़कों पर निकले नगर विकास मंत्री, सफाई व्यवस्था की हकीकत परखी, नागरिकों से लिया फीडबैक
वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था को जमीनी स्तर पर परखने के लिए प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा रविवार सुबह महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ सड़कों पर निकले। उन्होंने कई क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर न केवल सफाई कार्यों की वास्तविक स्थिति जानी, बल्कि स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लिया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत शिवपुर क्षेत्र की सुषमा नगर कॉलोनी, गिलट बाजार, लक्ष्मणपुर और रघुवंशी नगर से हुई। मंत्री ने सुबह-सुबह चल रहे प्रातःकालीन सफाई अभियान और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर पूछा कि कूड़ा उठान समय पर हो रहा है या नहीं और सफाई कर्मचारी नियमित आ रहे हैं या नहीं। नागरिकों ने कई स्थानों पर संतोष व्यक्त किया, वहीं कुछ सुझाव भी दिए, जिन्हें अधिकारियों ने गंभीरता से नोट किया।

इसके बाद मंत्री सिगरा स्थित फल मंडी रोड पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स योजना) के अंतर्गत चल रहे कार्यों का अवलोकन किया। महापौर ने सड़क चौड़ीकरण, सुंदरीकरण और हरित पट्टी विकास से संबंधित कार्यों की जानकारी दी। मंत्री ने सड़क किनारे पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि विकास केवल कंक्रीट और डामर तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे पर्यावरण के अनुकूल और भविष्य उन्मुख बनाना भी सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान मुस्तैदी से कार्य करते सफाई कर्मियों की सराहना करते हुए मंत्री ने उन्हें ‘स्वच्छता वीर’ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगरों की चमक और स्वच्छता इन्हीं कर्मियों की मेहनत का परिणाम है। वाराणसी की गलियों और चौराहों पर सुबह-सुबह सफाई कर्मियों को सक्रिय देखकर उन्होंने संतोष जताया। इस अवसर पर सह नगर आयुक्त, स्थानीय पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।



