वाराणसी : भांजी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे मामा की सड़क हादसे में मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब दोनों बाइक से शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे।

 

गाजीपुर जनपद के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीपुर मदरा निवासी 32 वर्षीय सनोज वनवासी अपनी भांजी की शादी का निमंत्रण बांटने के लिए अपने साले धर्मेंद्र के साथ मिर्जापुर गए थे। देर रात करीब एक बजे दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चौबेपुर क्षेत्र के बहादुरपुर के पास एक पंचर की दुकान के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि धर्मेंद्र को भी चोटें आईं। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को नरपतपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सनोज को मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र का प्राथमिक उपचार किया गया, बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र भेज दिया गया।

मृतक संजय अपने पीछे पत्नी सुंदरी, पांच वर्षीय बेटी दीक्षा और सात वर्षीय पुत्र आदित्य को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और पेशे से ट्रक चालक थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

Share this story