वाराणसी : घरेलू गैस सिलेंडर के साथ पकड़े गए दो चोर, डिलीवरी ब्वाय की बाइक से चोरी किया था सिलेंडर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चितईपुर पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया इंडेन कंपनी का घरेलू गैस सिलेंडर बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा भी सीज कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष पाण्डेय निवासी चौरी, भदोही तथा संतोष सोनकर निवासी राजीव नगर कॉलोनी, चितईपुर के रूप में हुई है। मामला 14 मई का है। इंडेन कंपनी में गैस सिलेंडर डिलीवरी का कार्य करने वाले एक कर्मचारी ने थाना चितईपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि इंद्रानगर कॉलोनी में गैस वितरण के दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर रखा घरेलू गैस सिलेंडर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया लाल रंग का इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किया। घटना में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। पुलिस टीम में चितईपुर एसओ राकेश कुमार गौतम, एसआई जितेन्द्र कुमार, आदित्य मिश्रा, कांस्टेबल चन्द्रपाल और रिका. जनार्दन प्रसाद शामिल रहे।

Share this story