वाराणसी : घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी व जेवर बरामद
वाराणसी। लंका पुलिस ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के कीमती आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चोरी का सामान आपस में बांटकर शहर छोड़ने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस आयुक्त अपराध एवं चोरी-लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का सफल अनावरण किया।
पुलिस के अनुसार शिवशक्ति नगर कॉलोनी, नारायणपुर डाफी निवासी संतोष कुमार साह ने 24 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना लंका में मुकदमा संख्या 305/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे बजबजा प्लांट के पास स्थित खाली जमीन से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान राजन यादव (20) पुत्र दयाराम यादव और राजकुमार भारती (24) पुत्र नंदू राम, दोनों निवासी मुड़ादेव थाना रोहनिया, वाराणसी के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चुराए थे। आरोपियों ने चोरी के कुछ जेवर बेचकर प्राप्त रकम का आपस में बंटवारा कर लिया था, जबकि बाकी सामान भी बांटने के बाद शहर छोड़ने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो लाख रुपये नकद, चांदी की लड़ीदार पायल, बिछिया तथा सोने की अंगूठियां, झुमके, लौंग, नाक की रिंग और बालियां बरामद की हैं।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक राहुल, उपनिरीक्षक शिवाकांत शर्मा, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश सिंह, कांस्टेबल अमित शुक्ला, पवन कुमार, कृष्णकांत पांडेय, सूरज कुमार और शशिकांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

