वाराणसी : गंगा में नहाते वक्त डूबकर दो किशोरों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के गंगापुर पुलिस चौकी के बड़ीबारी सुईचक गांव के दो किशोरों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बरामद किया। वहीं पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

बड़ीबारी सुईचक गांव निवासी दोनों किशोर बुधवार को गांव के छह लड़कों के साथ शीतला धाम अदलपुरा दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद गंगा में नहाने लगे। इसी दौरान राज शर्मा (17 वर्ष) और विशाल मौर्य (16 वर्ष) गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और गोताखोरों की टीम पहुंची और शवों की तलाश शुरू की। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव बरामद किए गए।
राज शर्मा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में जैसे ही यह खबर फैली, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीणों का रो-रो कर बुरा हाल है।

