वाराणसी : त्योहारों में ऋषिकेश और अमृतसर के लिए चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें, जानिये रूट और शेड्यूल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने अक्टूबर से दिसंबर के बीच दो नई फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश और अमृतसर-बरौनी-अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस शामिल हैं। ट्रेनों के संचालन से वाराणसी समेत रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख शहरों के यात्रियों को राहत मिलेगी।

योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल एक्सप्रेस (04312/04311) ऋषिकेश से 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। वापसी में ट्रेन कोलकाता से 18 अक्टूबर से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को रवाना होगी। ट्रेन संख्या 04312 ऋषिकेश से रात 10:20 बजे चलकर हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, प्रतापगढ़, शाहजहांपुर, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ होते हुए वाराणसी स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया और धनबाद होते हुए अगले दिन सुबह आठ बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04311 कोलकाता से दोपहर 1:55 बजे चलकर इन्हीं प्रमुख स्टेशनों से होते हुए ऋषिकेश पहुंचेगी।

अमृतसर-बरौनी ट्रेन हर रविवार
दूसरी स्पेशल ट्रेन अमृतसर-बरौनी-अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस (04668/04667) होगी। ट्रेन संख्या 04668 अमृतसर से प्रत्येक रविवार को चलेगी। यह ट्रेन अमृतसर से रात 8:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन का ठहराव व्यास, जालंधर सिटी, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आलमनगर, रायबरेली और वाराणसी समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा। ट्रेन बरौनी जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04667 बरौनी से सुबह 5:05 बजे रवाना होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए अमृतसर पहुंचेगी।

Share this story