वाराणसी : इलाज कराकर घर लौट रही महिला से मंगलसूत्र छीन कर हो गए थे फरार, दो लुटेरे गिरफ्तार, मंगलसूत्र, तमंचा और बाइक बरामद 

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चोलापुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला से लूटा गया पीली धातु का मंगलसूत्र, .315 बोर का अवैध तमंचा व कारतूस, 200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण और ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को एक महिला ने चोलापुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि इलाज कराकर घर लौटते समय बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 406/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिकेत श्रीवास्तव कर रहे थे।

इसी क्रम में चोलापुर पुलिस और एसओजी की टीम को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने 6 अक्टूबर की रात करीब 12:15 बजे पलहीपट्टी स्थित बाबा ढाबा फैमिली रेस्टोरेंट से बाबतपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फूलपुर थाना क्षेत्र के देवराई गांव निवासी जयदीप पटेल और मौसम वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक पीली धातु का मंगलसूत्र, .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की।

पुलिस के मुताबिक, बरामदगी और पूछताछ के आधार पर दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में दर्ज मुकदमे में लूट से संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है। 

कार्रवाई करने वाली टीम में चोलापुर प्रभारी निरीक्षक सधुबन राम गौतम, उपनिरीक्षक अनिकेत श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक धनंजय सिंह सहित थाना पुलिस के जवान शामिल रहे। एसओजी टीम में उपनिरीक्षक आयुष पाण्डेय, हेड कांस्टेबल प्रमोद सिंह, कृष्णानंद पाण्डेय तथा कांस्टेबल अंकित मिश्रा, प्रेमशंकर पटेल और इन्द्रेश सिंह शामिल रहे।

Share this story