वाराणसी : रिंग रोड पर दो सड़क हादसे, रेलवे कर्मचारी की दर्दनाक मौत, मैजिक चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ और चिरईगांव क्षेत्र में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक रेलवे कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य दुर्घटना में मैजिक चालक घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहली घटना सारनाथ थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सिंहपुर पुल के पास हुई। चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी 34 वर्षीय राजकुमार यादव की अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, राजकुमार रेलवे में कार्यरत थे और सोमवार शाम घर लौट रहे थे। सिंहपुर पुल पार करते समय सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी तथा 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजकुमार तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और अपने पीछे पत्नी तथा दो बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक के पिता बमबम यादव राष्ट्रीय स्तर के कुश्ती पहलवान बताए जाते हैं। सारनाथ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

उधर, दूसरी घटना चिरईगांव क्षेत्र के फरीदपुर गांव के सामने रिंग रोड पर हुई। गौरा उपरवार, चौबेपुर निवासी 28 वर्षीय कमलेश यादव मैजिक वाहन लेकर हरहुआ की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कमलेश के सिर और पैर में चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायल चालक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिरईगांव पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया। सूचना मिलने पर चिरईगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share this story