वाराणसी : रात में सड़कों पर स्टंट करना पड़ा भारी, दो रेसर बाइकें सीज, मारपीट का मुकदमा दर्ज 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। देर रात सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी कर रहे युवकों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना डायल-112 पर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए स्टंट में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। वहीं अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात साजन तिराहे के पास एक युवक के साथ 5-6 युवकों द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि चोलापुर थाना क्षेत्र के जमुनीपुर निवासी सुधांशु विश्वकर्मा, जो सारनाथ स्थित एक अस्पताल में कार्यरत हैं, अपने साथी कर्मचारी को सिगरा छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान साजन तिराहे के पास बाइक मोड़ते समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार 5-6 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी अपनी दोनों मोटरसाइकिलें छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया और पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना सिगरा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दोनों बाइकों पर सवार युवक तेज रफ्तार में खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके इस कृत्य पर टिप्पणी किए जाने के बाद उन्होंने युवक के साथ मारपीट की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

Share this story