वाराणसी : पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर पेट्रोल भरवाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिंधोरा पुलिस ने पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर पेट्रोल भरवाने और कर्मचारियों को धमकाने के वायरल वीडियो मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है।

यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद सामने आया, जिसमें कुछ युवक पेट्रोल पंप कर्मचारियों को असलहे के बल पर धमकाते हुए दिखाई दे रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी  ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना सिंधोरा पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 90/2026 के तहत धारा 309(5), 351(3), 352 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई। इसी क्रम में पुलिस ने बुधवार को वायरल वीडियो में चिन्हित अभियुक्त विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय निवासी गड़खड़ा थाना सिंधोरा तथा उसके साथी शनि सिंह निवासी डगराडीह थाना सिंधोरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्तों की निशानदेही पर एक बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर एन-160 मोटरसाइकिल और एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि 16 और 17 मई की रात वे गड़खड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। वहां बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे मांगने पर उन्होंने पंप कर्मचारी को पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया और मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय थाना सिंधोरा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट और गुण्डा एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं शनि सिंह के खिलाफ भी अवैध शस्त्र, मारपीट और धमकी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में ज्ञानेन्द्र कुमार त्रिपाठी, रोहित कुमार, विक्रम सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Share this story