वाराणसी : रेल यात्रा के दौरान दो की मौत, जांच में जुटी पुलिस, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। जिले में रेल यात्रा के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में एक यात्री और एक सैन्यकर्मी की मौत हो गई। दोनों मामलों से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
पहली घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई। जैतपुरा थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी इसराइल का बेटा परवेज (45) वाराणसी से ट्रेन से यात्रा कर रहा था। कादीपुर स्टेशन के समीप किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल परवेज को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।
दूसरी घटना में जींद (हरियाणा) से पेंशन पोस्टिंग पर लखनऊ जा रहे एक सैन्यकर्मी की ट्रेन में ही तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया गया कि वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के रामगांव निवासी सकल देव की तैनाती आर्मी की 447 यूनिट में हिसार में थी। यात्रा के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई और इलाज मिलने से पहले ही ट्रेन में उनकी मौत हो गई। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। देर रात तक परिजनों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

