वाराणसी : एंबुलेंस ने बाइक में मारी टक्कर, दो भाई घायल, पुलिस पर आरोप 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में प्रतियोगी परीक्षा देने वाराणसी जा रहे दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव के पास उस समय हुआ। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक एम्बुलेंस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद पीआरबी (डायल-112) पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मौके पर पुलिस पर एम्बुलेंस चालक से कथित वसूली के आरोप लगने से मामला चर्चा का विषय बन गया।

प्रयागराज के फाफामऊ निवासी विवेक यादव (30) अपने छोटे भाई आयुष यादव (26) के साथ पल्सर बाइक से वाराणसी प्रतियोगी परीक्षा देने आ रहे थे। सुबह रखौना के पास उनकी बाइक को पीछे से आ रही तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

123

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त एम्बुलेंस में एक शव रखा हुआ था, जिसे गुजरात के वडोदरा से बिहार के पटना ले जाया जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एम्बुलेंस को हाईवे किनारे खड़ा कर चालक से पूछताछ की और उसे छोड़ने के एवज में रुपये की मांग की। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि चालक अपनी मजबूरी बताते हुए पुलिसकर्मियों से हाथ जोड़कर गुहार लगाता रहा। यह भी आरोप लगाया गया कि पुलिसकर्मी चालक को अपनी गाड़ी में बैठाकर काफी देर तक बातचीत करते रहे, जिससे मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

Share this story