वाराणसी : गोमती में नहाने गए दो बालक डूबे, मचा कोहराम, एनडीआरएफ और पुलिस कर रही तलाश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत कैथोर (भदवा) गांव के समीप गोमती नदी में नहाने के दौरान दो किशोरों के डूब जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कर दी गई। एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

एक ही गांव और आसपास के क्षेत्र के करीब दर्जन भर किशोर गोमती नदी के ककरहा घाट, ग्राम मोहनदासपुर के पास नहाने गए थे। नहाते समय कई बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास कर कुछ बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो बालक नदी की तेज धारा में लापता हो गए।

लापता बच्चों की पहचान अयान (10 वर्ष) पुत्र यूनुस निवासी लेढूपुर तथा जीशान (10 वर्ष) पुत्र आरिफ निवासी कौवापुर, चौबेपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए।

चोलापुर पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से दोनों बच्चों की तलाश जारी है। प्रशासन ने खोज अभियान को तेज करते हुए एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया है, ताकि नदी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा सके।

Share this story