वाराणसी : रुपये का लालच देकर कराते थे धर्म परिवर्तन, दो गिरफ्तार
वाराणसी। रुपयों का लालच देकर लोगों से धर्म परिवर्तन कराने वाले दो आरोपियों को जंसा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों गांव में गरीब और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर और बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराते थे। पुलिस दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
जंसा थाने में अमन सेठ ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें पता चला कि सिंधोरा थाना क्षेत्र के गाडर निवासी जिलेदार राम और जंसा थाना क्षेत्र के सिहोरवा निवासी जयप्रकाश की ओर से उन्हें ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने के लिए बहलाया-फुसलाया जा रहा था। मामले की विवेचना के क्रम में पुलिस ने 24 फरवरी को परमानंद निवासी विजय कुमार और 26 फरवरी को सहारनपुर के देवबंद के चंदेना कोली अहमपुर निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया था।
दोनों से पूछताछ में भी दोनों आरोपियों के नाम सामने आए थे। पता चला कि दोनों गांव के गरीब लोगों को मोटी रकम देकर उनका ईसाई धर्म में परिवर्तन करा देते थे। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। बताया कि इस रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।

