वाराणसी : टीजीटी परीक्षा में साल्वर गैंग का भंडाफोड़, 25 हजार के इनामी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जी अभ्यर्थियों के माध्यम से सफलता दिलाने वाले साल्वर गैंग के खिलाफ वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चेतगंज पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित टीजीटी परीक्षा में धांधली कराने के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी और वांछित अभियुक्त सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में दस्तावेज, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने चौकाघाट स्थित लकड़ीमंडी क्षेत्र से मधेपुरा निवासी दौलत कुमार और सुपौल निवासी नितीश कुमार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 4 जून को टीजीटी परीक्षा में असली परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के दिन ही फर्जी परीक्षार्थी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। विवेचना के दौरान इस पूरे नेटवर्क के पीछे दौलत कुमार और नितीश कुमार की भूमिका सामने आई, जिसके बाद दोनों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पूछताछ में मुख्य आरोपी दौलत कुमार ने स्वीकार किया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को पास कराने के लिए साल्वरों की व्यवस्था करता था। इसके बदले परीक्षार्थियों से मोटी रकम वसूलकर फर्जी आधार कार्ड, एडिटेड दस्तावेज और प्रवेश पत्र उपलब्ध कराए जाते थे। नितीश कुमार भी इस अवैध गतिविधि में उसका सहयोगी था।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन, 2 प्रवेश पत्र, 5 आधार कार्ड की प्रतियां, 14 एटीएम कार्ड, 4 पैन कार्ड, 1 ब्लैंक चेक, 3 सिम कार्ड तथा 3 पासपोर्ट साइज फोटो बरामद हुए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Share this story