वाराणसी : काल भैरव मंदिर इलाके में चोरी करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, पीली धातु बरामद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से चोरी किया गया पीली धातु (4.16 ग्राम) तथा तलाशी के दौरान 908 रुपये नकद बरामद किए हैं। 

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही थी। इसी क्रम में चौकी प्रभारी काल भैरव उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम कुमार और रवि कुमार निवासी भोजूबीर, थाना कैंट, वाराणसी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बरामद पीली धातु उन्होंने काल भैरव मंदिर में दर्शन करने आए एक श्रद्धालु से चोरी की थी। चोरी के बाद उन्होंने धातु को पिघलाकर उसका आधा हिस्सा पहले ही बेच दिया था, जिससे मिले पैसों से वे अपना खर्च चला रहे थे।

शेष बचे हिस्से को बेचने के लिए दोनों आरोपी शीतला गली से चौखंभा की ओर ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से बरामद नकदी उसी चोरी के सामान को बेचकर प्राप्त धन का शेष हिस्सा बताया गया है। इस मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 073/2026 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली है।

Share this story