वाराणसी : ट्यूबवेल का पैनल चोरी, नवाबगंज-दुर्गाकुंड क्षेत्र में गहराया पेयजल संकट

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के नवाबगंज स्थित केसरवानी पार्क में नगर निगम के ट्यूबवेल से विद्युत पैनल और केबल चोरी होने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग पार्क में टहलने पहुंचे तो ट्यूबवेल के कंट्रोल पैनल, केबल और अन्य जरूरी उपकरण गायब मिले। पैनल चोरी होने से पेयजल संकट की आशंका गहरा गई। सूचना के बाद पहुंचे जलकल विभाग के सहायक अभियंता ने मौके का निरीक्षण कर तत्काल पुलिस को सूचना दी। 

123

विभाग की ओर से लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। तहरीर में उल्लेख है कि जलकल विभाग के जोन-2 के अंतर्गत दुर्गाकुंड वार्ड स्थित इस ट्यूबवेल का संपूर्ण पैनल और उससे जुड़ी केबल व्यवस्थित ढंग से निकाली गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की चोरी सामान्य नहीं लगती, क्योंकि पैनल हटाने के लिए तकनीकी जानकारी की आवश्यकता होती है।

123

इस ट्यूबवेल से नवाबगंज, दुर्गाकुंड वार्ड और आसपास के कई मोहल्लों में नियमित जलापूर्ति होती थी। पैनल चोरी होने से नलकूप पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे सुबह की सप्लाई प्रभावित रही। कई घरों में पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो सका। लोगों को निजी हैंडपंप और बोतलबंद पानी पर निर्भर रहना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है।

घटना की सूचना पर दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पार्क और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने कबाड़ी दुकानों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदने-बेचने वाले संदिग्ध स्थानों पर भी नजर रखने की बात कही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरी सुनियोजित ढंग से की गई है। इधर, जलकल विभाग ने प्रभावित इलाकों में अस्थायी राहत के लिए पानी के टैंकर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि नए पैनल की व्यवस्था की जा रही है और जल्द से जल्द ट्यूबवेल को पुनः चालू करने का प्रयास होगा।

क्षेत्रीय पार्षद और स्थानीय नागरिकों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, पार्क परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share this story