वाराणसी : रांची जल्दी पहुंचने के चक्कर में तेज दौड़ा रहा था ट्रक, पांच दर्शनार्थियों की मौत का आरोपी चालक गिरफ्तार, सेब लदे ट्रक ने रूपापुर ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में मारी थी टक्कर
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर फ्लाईओवर पर सोमवार सुबह स्कॉर्पियो में पीछे से टक्कर मारकर पांच दर्शनार्थियों की जान लेने वाले ट्रक चालक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक की पहचान जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित वासकुरा गांव निवासी जाबिद अहमददार (38) पुत्र सोना उल्लाहदार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चालक ने पूछताछ में बताया कि समय से माल पहुंचाने पर अतिरिक्त इनाम मिलने की उम्मीद में वह ट्रक तेज गति से चला रहा था।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक के खलासी इम्तियाज अहमददार (41) को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की थी। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही थी। मंगलवार को पुलिस ने उसे शिवरामपुर चट्टी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
समय पर माल पहुंचाने की थी जल्दी
मिर्जामुराद थाना प्रभारी की पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक पर सेब लदे थे और उसे माल लेकर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचना था। निर्धारित समय पर माल पहुंचाने पर अतिरिक्त इनाम मिलने की उम्मीद थी। इसी कारण वह ट्रक तेज गति से चला रहा था। रूपापुर ओवरब्रिज पर आगे चल रही स्कॉर्पियो में पीछे से टक्कर लगने के कारण हादसा हो गया।
दर्शन कर लौट रहे थे स्कॉर्पियो सवार
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे शिवपुर क्षेत्र के आठ लोग स्कॉर्पियो से मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर वाराणसी लौट रहे थे। रूपापुर फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो रोककर कुछ लोग फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे सेब लदे ट्रक ने स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आनंद यादव (25), आलोक मिश्रा (30), प्रदीप सिंह (36) और विद्वान्शू यादव (30) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल स्कॉर्पियो चालक किशन यादव ने सोमवार शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या पांच हो गई।
दो घायलों का ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज
हादसे में सावन यादव और निखिल उर्फ गोलू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं, राजकुमार यादव हादसे में बाल-बाल बच गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ट्रक को कब्जे में ले लिया था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

