वाराणसी : कांवड़ यात्रा के बीच हाईवे पर ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन माह में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हाईवे पर लागू यातायात व्यवस्था के बीच गुरुवार को वीरभानपुर गांव के सामने ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया।

कांवड़ यात्रा के दौरान प्रयागराज से वाराणसी जाने वाली हाईवे की एक लेन पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। इसके चलते दोनों दिशाओं का यातायात दूसरी लेन से संचालित किया जा रहा है। इसी दौरान वीरभानपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक और डीसीएम की तेज भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में डीसीएम चालक मोनू, पुत्र सर्वजीत, निवासी गढ़मुक्तेश्वर (जनपद हापुड़) तथा ट्रक चालक सागर हुसैन, निवासी शेरघाटी, जिला गया (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही राजातालाब थाना प्रभारी दयाशंकर और चौकी प्रभारी राजेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजवाया, जहां उनका उपचार कराया गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक और डीसीएम को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share this story