वाराणसी : सूदखोरों से परेशान युवक ने लगाई गुहार, रकम लौटाने के बाद भी मांगे जा रहे लाखों रुपये
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर मदरवा निवासी एक युवक ने सूदखोरों से परेशान होकर पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि ब्याज पर लिए गए रुपये का बड़ा हिस्सा वापस करने के बावजूद उससे लगातार और अधिक रकम की मांग की जा रही है। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है, जिससे परिवार दहशत और मानसिक तनाव में जीने को मजबूर है।
पीड़ित अमित कुमार राय ने पुलिस आयुक्त को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि करीब दो वर्ष पहले आर्थिक संकट के कारण उन्होंने क्षेत्र के रहने वाले मंतोष साहनी के माध्यम से सुजीत नामक व्यक्ति से दो लाख 70 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। आरोप है कि रुपये दिलाने के एवज में मंतोष साहनी ने उनसे अलग से दस हजार रुपये भी वसूले थे।
अमित कुमार राय का कहना है कि वह अब तक करीब दो लाख 35 हजार रुपये लौटा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सूदखोर की ओर से चार लाख 70 हजार रुपये और देने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार रकम न देने पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं और झूठी प्राथमिकी दर्ज कराकर जेल भेजने की बात कही जा रही है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आए दिन मिल रही धमकियों से उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। घर के लोग मानसिक रूप से परेशान हैं और किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं। अमित कुमार राय ने पुलिस आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सूदखोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

