वाराणसी : बिजली पोल के पास पेड़ की छंटाई बनी जानलेवा, करेंट से संविदाकर्मी की मौत, जेई निलंबित, एक्सईएन समेत पांच पर मुकदमा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के तेलियाबाग चौराहे पर बिजली लाइन के समीप पेड़ की छंटाई के दौरान करेंट लगने से 28 वर्षीय संविदाकर्मी शिव प्रकाश यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी (एसडीओ), अवर अभियंता (जेई), लाइनमैन समेत पांच लोगों के खिलाफ लापरवाही एवं गैर-जिम्मेदाराना हरकत से मृत्यु कारित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर बिजली निगम ने संबंधित जेई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मृतक शिव प्रकाश यादव चंदौली जिले के कटरिया गांव का निवासी था और संविदा पर विद्युत विभाग में कार्यरत था। उसके बड़े भाई एवं शिकायतकर्ता सत्यप्रकाश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12:10 बजे चौकाघाट स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले तेलियाबाग फीडर की बिजली लाइन के पास पेड़ की छंटाई का कार्य कराया जा रहा था।

तहरीर के मुताबिक, कार्यस्थल पर बिजली विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे। आरोप है कि अवर अभियंता (जेई) वीरेंद्र कुमार ने बिना विद्युत आपूर्ति बंद कराए (शटडाउन लिए) ही शिव प्रकाश को बिजली के खंभे पर चढ़कर पेड़ की छंटाई करने के लिए कहा। इसी दौरान लाइन में अचानक करेंट प्रवाहित हो गया और शिवप्रकाश उसकी चपेट में आ गया। तेज झटके के कारण वह खंभे से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने आनन-फानन में उसे कबीरचौरा स्थित मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर अधिशासी अभियंता, एसडीओ, जेई, लाइनमैन समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, अधीक्षण अभियंता प्रथम विनीत मौर्या ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले में लापरवाही सामने आने पर संबंधित जेई को निलंबित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story