वाराणसी : सड़क खोदकर छोड़ने से लगा जाम, PWD ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की पहाड़िया चौकी के अंतर्गत पांडेयपुर-सारनाथ मार्ग पर काली मंदिर के सामने बिना पूर्व सूचना सड़क की खोदाई कराए जाने के मामले में पुलिस ने पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार अखंड कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सड़क की खोदाई के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से दिनभर लंबा जाम लगा रहा। जाम में कई एंबुलेंस भी फंस गईं, जिसके बाद पुलिस को यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मामले में पहाड़िया चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार सरोज की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में बीएनएस की धारा 285 और 326बी सहित सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धारा 3 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी
चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार सरोज के अनुसार, वह रोज की तरह फैंटम पुलिस वाहन के साथ क्षेत्र में निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान पांडेयपुर चौराहे से सारनाथ जाने वाले मार्ग पर जाम की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर काली मंदिर के पास सड़क खोदी हुई मिली। खोदाई के कारण सड़क पर वाहनों के फंसने से यातायात बाधित था और लंबा जाम लग गया था।
अनुमति को लेकर नहीं मिला संतोषजनक जवाब
चौकी प्रभारी ने बताया कि जानकारी करने पर पता चला कि पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार अखंड कुमार यादव ने सड़क को बिना किसी सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के खोद दिया था। पुलिस के अनुसार, खोदाई के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाने के पश्चात ठेकेदार से अनुमति के संबंध में जानकारी ली गई, लेकिन पुलिस को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद चौकी प्रभारी ने थाने में तहरीर दी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

