वाराणसी : अवैध खनन रोकने पहुंचे अधिकारी को घेरकर छुड़ा लिए ट्रैक्टर-जेसीबी, 20 नामजद व अज्ञात पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर मोहांव गांव में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे खनन विभाग के अधिकारी के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 20 लोगों ने खनन अधिकारी को घेर लिया और पकड़ी गई जेसीबी व ट्रैक्टर को छुड़ाकर ले गए। घटना के संबंध में चोलापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

खनन अधिकारी अनुज कुमार को सोमवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि गोसाईंपुर मोहांव क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन किया जा रहा है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और एक जेसीबी तथा दो ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए और अधिकारियों का विरोध करने लगे।

आरोप है कि करीब 20 युवकों ने अधिकारियों के वाहन को घेर लिया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए पकड़ी गई जेसीबी और ट्रैक्टरों को छुड़ा ले गए। खनन अधिकारी की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरा मौका है जब अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर दबाव बनाने और वाहनों को छुड़ाने का प्रयास किया गया है। इससे पहले भी खनन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की घटना सामने आ चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिलती रही हैं। वहीं पुलिस और प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Share this story