वाराणसी में 115 शिक्षण संस्थानों के युवाओं को मिलेगा अर्बन प्लानिंग का प्रशिक्षण, वीडीए और आईआईटी (बीएचयू) के बीच समझौता

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के 115 इंटरमीडिएट स्कूलों और महाविद्यालयों में अब विद्यार्थियों को शहरी नियोजन, वाराणसी मास्टर प्लान, सतत विकास और विरासत संरक्षण की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) के आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिज़ाइन विभाग के बीच सोमवार को सहयोगात्मक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नियोजित शहरी विकास के प्रति जागरूक बनाना है।

ं

एमओयू पर हुए हस्ताक्षर
समझौता ज्ञापन पर आईआईटी (बीएचयू) के आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिज़ाइन विभागाध्यक्ष प्रो. रबी नारायण मोहंती तथा वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने हस्ताक्षर किए। इस सहयोग के तहत दोनों संस्थान मिलकर शहर के चयनित 115 इंटरमीडिएट और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

व्याख्यान, कार्यशाला और स्टडी विजिट के जरिए मिलेगा प्रशिक्षण
इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए व्याख्यान, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार, संवाद सत्र और स्टडी विजिट आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को वाराणसी मास्टर प्लान, भवन मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया, ले-आउट की अवधारणा, ग्रीन बेल्ट के प्रावधान, सिटी प्लानिंग, पर्यावरण संरक्षण और विरासत संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।

ं

युवाओं को नियोजित विकास के प्रति किया जाएगा जागरूक
वाराणसी विकास प्राधिकरण का मानना है कि शहर के तेजी से हो रहे विस्तार, विशेषकर अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विकास को देखते हुए युवाओं को अभी से नियोजित विकास के महत्व से अवगत कराना आवश्यक है। इससे भविष्य में अनियोजित शहरीकरण से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकेगा।

पूर्वांचल के आधुनिक शहरी केंद्र के रूप में विकसित हो रहा वाराणसी
प्राधिकरण के अनुसार वाराणसी पूर्वांचल के आधुनिक शहरी केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। ऐसे में नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों को शहर के नियोजित और समावेशी विकास से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इस अभियान के माध्यम से युवाओं में शहर के विकास के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

ं

तकनीकी सहयोग देगा आईआईटी, समन्वय करेगा वीडीए
समझौते के अनुसार आईआईटी (बीएचयू) का आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिज़ाइन विभाग कार्यक्रमों के लिए तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराएगा। वहीं वाराणसी विकास प्राधिकरण कार्यक्रमों के समन्वय के साथ वाराणसी मास्टर प्लान, नगर विकास परियोजनाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।

Share this story