वाराणसी से चंडीगढ़ तक दो महीने चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिये रूट और शेड्यूल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने वाराणसी और चंडीगढ़ के बीच दो महीने तक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। दीपावली के दौरान यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा होता है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04227 वाराणसी-चंडीगढ़ विशेष ट्रेन का संचालन एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को किया जाएगा। यह ट्रेन वाराणसी से सुबह 11.05 बजे रवाना होकर मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली होते हुए लखनऊ शाम 5.15 बजे पहुंचेगी। शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला कैंट होते हुए चंड़ीगढ़ अगले दिन सुबह 4.20 बजे पहुंचेगी। 

वापसी में यह ट्रेन चंडीगढ़ से सुबह 6 बजे चलकर अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर होते हुए लखनऊ शाम 6.30 बजे पहुंचेगी। यहां से चलकर रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ होते हुए देर रात 12.55 बजे वाराणसी जंक्शन पर पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 0428 चंडीगढ़-वाराणसी दो अक्टूबर से 30 नवंबर तक हर शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। 

इसके अलावा रेलवे ने चंडीगढ़ से पटना जंक्शन के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04512 चंडीगढ़-पटना जंक्शन का संचालन एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और 04511 पटना जंक्शन-चंडीगढ़ का संचालन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार किया जाएगा। यह ट्रेन वाराणसी, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए पटना तक जाएगी।

Share this story