वाराणसी : तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, तीन युवक घायल, मची चीखपुकार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कोषड़ा स्थित हाईवे और सर्विस लेन के पश्चिमी कट के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को कछवांरोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर निवासी सुशील अपने साथी दिलीप कुमार और अर्जुन के साथ बाइक से प्रयागराज की ओर से मिर्जामुराद आ रहे थे। तीनों बाइक से कोषड़ा स्थित हाईवे के पश्चिमी कट के पास पहुंचे थे। इसी दौरान मिर्जामुराद की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को कछवांरोड स्थित निजी अस्पताल भेजा।

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार घायलों की स्थिति और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this story