वाराणसी : शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में लगी आग, बुलेट समेत तीन वाहन जले, महिला अचेत 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के कुंजी टोला इलाके में सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। फायरब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। 

 

पंकज कुमार गुप्ता के मकान में खड़ी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलते हुए एक बुलेट और दूसरी स्कूटी तक पहुंच गई, जिससे कुल तीन वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग की लपटें और घना धुआं उठने लगा, जिससे मकान में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

धुएं और आग की वजह से घर में मौजूद लोग सुरक्षित निकलने के लिए बगल की छत के रास्ते बाहर आए। इसी दौरान मकान में मौजूद 70 वर्षीय चमेली देवी धुएं की चपेट में आने से अचेत हो गईं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास के मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया। भवन स्वामी पंकज कुमार गुप्ता के अनुसार आग से करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

Share this story