वाराणसी : तेज रफ्तार गैस टैंकर ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, हाईवे पर पांच किमी लंबा लगा जाम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर (बांग्लाचट्टी) के पास रविवार दोपहर नेशनल हाईवे के वनवे मार्ग पर तेज रफ्तार गैस टैंकर अनियंत्रित होकर तीन वाहनों से टकरा गया। हादसे में कांवरियों से भरी कार, छुट्टी पर घर जा रहे एक उपनिरीक्षक की कार और ‘विधायक’ लिखी स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि तीनों वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

इंडेन गैस का टैंकर प्रयागराज की ओर से वाराणसी जा रहा था। बांग्लाचट्टी के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। टैंकर ने सबसे पहले कांवरियों की कार में टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित टैंकर ने आजमगढ़ के जहानागंज में तैनात उपनिरीक्षक लवकुश सोनकर की कार को टक्कर मारी। तीसरी टक्कर ‘विधायक’ लिखी स्कॉर्पियो से हुई।

कांवरियों की कार में मध्य प्रदेश के रीवा निवासी शिवम सोनी, सुरेंद्र सोनी, लवली गुप्ता, दिनेश सोनी और चित्रकूट निवासी मोहित सोनी सवार थे। टक्कर के बावजूद सभी सुरक्षित रहे। वहीं उपनिरीक्षक लवकुश सोनकर छुट्टी पर अपने घर प्रयागराज जा रहे थे। उन्होंने बताया कि टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल जाने से उनकी जान बच गई।

तीसरी स्कॉर्पियो में वाराणसी के हरहुआ निवासी विकास दुबे अपने साथियों के साथ महाराष्ट्र के नासिक दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित रहे। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और थाने ले आए। हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए काफी मशक्कत की। कई घंटे बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।

Share this story