वाराणसी : हनुमान फाटक इलाके में सोते समय तीन लोगों पर हमला, एक की मौत, घटना के बाद सनसनी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार भोर में तीन लोगों पर जानलेवा हमला की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि तीनों लोग दुकान के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान पहुंचे हमलावर ने पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में साड़ी कारीगर पप्पू विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

123

बताया जा रहा है कि वह साड़ी का पत्ता काटने का काम करते थे। वहीं, अशोक पासी उर्फ बाबा, जो पान की दुकान चलाते हैं, हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीसरे घायल गणेशु कनौजिया को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए मंडली अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।

123

घटना की जानकारी मिलते ही आदमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी वैभव बांगर भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

123

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

123

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमले के कारणों के साथ ही हमलावर की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि वारदात से संबंधित सुराग जुटाए जा सकें।

123

भोर के सन्नाटे में हुई इस घटना से हनुमान फाटक क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घटना को लेकर लोगों में भय और आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और जल्द ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

Share this story