वाराणसी : कॉलोनी में देर रात उपद्रव, तीन कारों में तोड़फोड़, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपी, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर-नेवादा इलाके में सोमवार देर रात अराजकतत्वों ने कॉलोनी में जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने घरों के बाहर खड़ी तीन कारों में तोड़फोड़ कर दी और एक मकान पर ईंट-पत्थर फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित रामेश्वर सिंह ने चितईपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार रात उनकी कार समेत कॉलोनी में खड़ी तीन गाड़ियों को अज्ञात युवकों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने ईंट-पत्थर मारकर वाहनों के शीशे तोड़ दिए और बंपर क्षतिग्रस्त कर दिए। तेज आवाज सुनकर जब आसपास के लोग बाहर निकले तो आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने कॉलोनी निवासी निशी पटेल के मकान पर भी ईंट-पत्थर फेंके। घटना के दौरान गालीगलौज की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। अचानक हुई इस घटना से कॉलोनी के लोगों में दहशत फैल गई और देर रात तक लोग घरों से बाहर निकलकर घटना की चर्चा करते रहे।

घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज में तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में देर रात असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

चितईपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Share this story