वाराणसी : दबंगों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त, तीन सगे भाइयों को जान से मारने की दी धमकी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़ करने और एक ही परिवार के तीन भाइयों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। रानीपुर निवासी श्रेयस तिवारी की मां संगीता तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

संगीता तिवारी के अनुसार, 24 सितंबर को उनका बेटा श्रेयस जन्मदिन मनाने गया था। आरोप है कि इसी दौरान रानीपुर निवासी शैलेंद्र यादव, संदीप सेठ और वेदांत सोनकर वहां पहुंचे। तीनों ने श्रेयस से कथित तौर पर वहां से चले जाने और जन्मदिन कहीं और मनाने के लिए कहा। आरोप है कि विरोध करने पर उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने और आग लगाने की धमकी दी गई।

परिजनों का कहना है कि धमकी मिलने के बाद श्रेयस वहां से घर लौट आया। इसके बाद कथित तौर पर शैलेंद्र ने श्रेयस के बड़े भाई के मोबाइल नंबर पर फोन किया और उसके पिता अजय तिवारी से बात करते हुए धमकी दी। संगीता ने पुलिस को बताया कि परिवार की कार शीलनगर में खड़ी थी। रात में कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने पुलिस से शिकायत की। कार में तोड़फोड़ किए जाने के बाद परिवार में भय का माहौल है। भेलूपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर शैलेंद्र यादव, संदीप सेठ, वेदांत सोनकर और एक अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

Share this story