वाराणसी : चोलापुर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक से लूटे रुपये और मोबाइल, चौरा माता मंदिर के पास ऑटो रुकवाकर वारदात, विरोध करने पर मोबाइल भी छीना
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के बेनीपुर स्थित चौरा माता मंदिर के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक युवक से लूटपाट की। बदमाशों ने ऑटो रुकवाकर युवक की शर्ट की ऊपरी जेब में रखे 600 रुपये छीन लिए। विरोध करने पर उसका मोबाइल भी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर चोलापुर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मनोज कुमार राजभर पुत्र लल्लू प्रसाद राजभर, निवासी गहनी पोस्ट आयर, चोलापुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नौ सितंबर की शाम अपनी रिश्तेदारी कठियाँव से घर लौट रहा था। बेनीपुर चौरा माता मंदिर के पास पहुंचते ही बाइक सवार तीन युवकों ने उसका ऑटो रुकवा लिया।
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने उसकी शर्ट की ऊपरी जेब में रखे 600 रुपये निकाल लिए। उसने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसका वीवो कंपनी का मोबाइल भी छीन लिया और बाइक से फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से पीड़ित घबरा गया। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस की आपात सेवा 112 नंबर पर सूचना दी।
सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। चोलापुर पुलिस ने 10 सितंबर को पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर संख्या 0378 दर्ज की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिकेत श्रीवास्तव को सौंपी है।

